साइप्रस ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, जल्द होंगे G7 समिट के लिए रवाना
By : hashtagu, Last Updated : June 16, 2025 | 2:18 pm

नई दिल्ली | 16 जून 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (narendra Modi) को साइप्रस ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने राजधानी निकोसिया में आयोजित एक समारोह में उन्हें प्रदान किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश की संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम की भावना को मिला सम्मान है।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर उनका रेड कार्पेट स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने वहां भारतीय समुदाय से मुलाकात की और राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। रात में स्टेट डिनर का आयोजन हुआ, जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। साइप्रस दौरे के दौरान पीएम मोदी का खास स्वागत किया गया और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी ही देर में साइप्रस से रवाना होकर कनाडा जाएंगे, जहां वह जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत को इस सम्मेलन में विशेष आमंत्रित देश के रूप में बुलाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 21 देशों द्वारा उनके नेतृत्व और वैश्विक योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है, जिनमें अमेरिका, रूस, फ्रांस, सऊदी अरब, भूटान और यूएई जैसे देश शामिल हैं।