जम्मू में शादी समारोह के दौरान फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोचा

आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 12, 2026 / 02:46 PM IST

जम्मू, जम्मू-कश्मीर। जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक फायरिंग (Firing) की घटना हो गई। इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। घटना के समय कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।

जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार शाम को ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क इलाके में आयोजित एक निजी शादी समारोह के दौरान हुई। बताया गया कि समारोह में मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक बंदूक निकालकर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। उस समय फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल भी बरामद की है और उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना के दौरान फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि गोली चलने से पैदा हुए छर्रों से उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मकसद और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह लंबे समय से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंच गया और सुरक्षा में कहां चूक हुई।

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है और कई नेताओं ने इसकी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।