महिला आरक्षण पर बड़ा सियासी मंथन: 15 अप्रैल को विपक्षी दलों की अहम बैठक, खड़गे करेंगे नेतृत्व

By : hashtagu, Last Updated : April 13, 2026 | 6:31 pm

नई दिल्ली (भारत): महिला आरक्षण (Women’s Reservation) कानून के क्रियान्वयन और उससे जुड़े मुद्दों पर रणनीति तय करने के लिए 15 अप्रैल को विपक्षी दलों की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अगुवाई कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, यह बैठक दिल्ली में होगी, जिसमें INDIA गठबंधन सहित कई विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य सरकार द्वारा प्रस्तावित महिला आरक्षण कानून के लागू होने और उससे जुड़े प्रक्रियात्मक पहलुओं पर साझा रणनीति तैयार करना है।

बताया जा रहा है कि यह बैठक संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है, जो 16 अप्रैल से शुरू होकर 18 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान महिला आरक्षण कानून से जुड़े अहम मुद्दों और संभावित संशोधनों पर चर्चा की जाएगी।

विपक्ष का कहना है कि सरकार ने इस मुद्दे पर पर्याप्त परामर्श नहीं किया है, खासकर परिसीमन (Delimitation) और इसके क्रियान्वयन के विस्तृत पहलुओं को लेकर। विपक्षी दलों की मांग है कि इस विषय पर सभी दलों को साथ लेकर व्यापक चर्चा की जाए।

महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है, जिसे लागू करने से पहले परिसीमन और जनगणना जैसी प्रक्रियाएं जरूरी बताई जा रही हैं।