तारिक रहमान बने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री, शपथ के बाद पीएम मोदी का खत और भारत आने का न्यौता

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 60 वर्षीय रहमान को परंपरा से हटते हुए बंगभवन की बजाय जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

  • Written By:
  • Publish Date - February 17, 2026 / 08:54 PM IST

ढाका, बांग्लादेश: तारिक रहमान ( Tarique Rahman) ने मंगलवार को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री (Prime Minister) पद की शपथ (Oath) ली। इसके साथ ही अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद देश की बागडोर संभालने वाली अंतरिम सरकार (Interim Government) के 18 महीने के शासन का अंत हो गया।

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 60 वर्षीय रहमान को परंपरा से हटते हुए बंगभवन की बजाय जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रहमान के साथ 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस तरह नई सरकार में कुल 49 सदस्य शामिल हुए।

शपथ ग्रहण के बाद रहमान को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश भेजा गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी का पत्र उन्हें सौंपा। पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई देने के साथ ही तारिक रहमान को परिवार सहित भारत आने का निमंत्रण दिया है।

दिन में, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सांसदों ने रहमान को संसदीय दल का नेता चुना था। इसके बाद राष्ट्रपति ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया और शपथ ग्रहण कराया। समारोह में मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई।

तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान के पुत्र हैं। वह 17 वर्षों तक स्वनिर्वासन में लंदन में रहे और दो महीने पहले ही स्वदेश लौटे थे। प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।

कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान सहित कई पड़ोसी देशों के नेता मौजूद रहे। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी शामिल हुए।

12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं। स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद बीएनपी ने सरकार बनाई और तारिक रहमान ने औपचारिक रूप से देश की कमान संभाल ली।