चेन्नई (तमिलनाडु): तमिल अभिनेता-राजनेता विजय (Vijay) की पार्टी तमिझगा वेत्री कड़गम (TVK) के लिए तमिलनाडु में सरकार बनाने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। लंबे समय से चल रही राजनीतिक सस्पेंस (Suspense) और अनिश्चितता (Uncertainty) के बीच शनिवार को विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने विजय की पार्टी को बिना शर्त समर्थन (Unconditional Support) देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद माना जा रहा है कि विजय जल्द ही तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
TVK नेता अधव अरजुना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि VCK ने उनकी पार्टी को समर्थन दे दिया है। वहीं VCK के विधायक दल के नेता वन्नी अरसु ने भी राज्यपाल अर्लेकर को पत्र लिखकर TVK को समर्थन देने की आधिकारिक जानकारी दे दी है।
अधव अरजुना ने “विक्ट्री” कहते हुए कांग्रेस, वाम दलों और VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन सांसद का समर्थन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने भरोसा जताया कि TVK संस्थापक और अभिनेता विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल VCK विजय सरकार को बाहर से समर्थन देगा। VCK के दो विधायकों के समर्थन के बाद अब TVK तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई है। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है।
तमिझगा वेत्री कड़गम ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था, लेकिन पार्टी बहुमत से 10 सीट पीछे रह गई थी। इसके बाद विजय ने DMK गठबंधन के सहयोगी दलों कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK से समर्थन मांगा था।
हालांकि विजय दो विधानसभा सीटों से चुनाव जीते हैं और उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। ऐसे में TVK की संख्या 108 से घटकर 107 हो जाएगी। लेकिन कांग्रेस के 5 विधायक और CPI, CPI(M) व VCK के 2-2 विधायकों के समर्थन से TVK के पास कुल 118 विधायकों का समर्थन हो गया है, जिससे सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ माना जा रहा है।