मोदी सरकार के 12 साल पूरे, कैबिनेट के बड़े फैसले: अहमदाबाद मेट्रो विस्तार को मंजूरी, अमरावती में 2534 करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट स्वीकृत

केंद्रीय कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2ए के तहत 6 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इस विस्तार के तहत पांच नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - June 10, 2026 / 03:48 PM IST

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार समेत कई बड़े विकासात्मक फैसलों को मंजूरी दी गई। साथ ही आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती के लिए भी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर (Infrastructure) और आवास (Housing) प्रोजेक्ट्स को स्वीकृति दी गई।

केंद्रीय कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2ए के तहत 6 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इस विस्तार के तहत पांच नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना पर लगभग 2169 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार के अनुसार इस परियोजना से करीब 2500 लोगों को रोजगार मिलेगा। परियोजना पूरी होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क का कुल विस्तार 77.63 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

कैबिनेट ने आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती में केंद्र सरकार के दो बड़े प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी है। पहले प्रोजेक्ट के तहत सेंट्रल गवर्नमेंट जनरल पूल ऑफिस अकॉमोडेशन का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना 23.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में विकसित होगी और इसकी अनुमानित लागत 1299 करोड़ रुपये होगी। इसके अलावा जनरल पूल रेजिडेंशियल अकॉमोडेशन परियोजना को भी मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 31.30 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना की लागत 1235 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में 10 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर नया रिकॉर्ड बनाया है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय कैबिनेट ने एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया है। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी की लगातार सेवा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव का उल्लेख किया गया है और देश के विकास, सुशासन तथा भविष्य के संकल्पों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश की राजनीतिक परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन साधारण परिवारों से आने वाले और अपने कार्यों के दम पर देश को आगे बढ़ाने वाले नेताओं पर जनता ने भरोसा जताया। वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सेवा देकर भारतीय लोकतंत्र में नया अध्याय जोड़ा है।

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिए गए इन फैसलों को देश के शहरी विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।