IPL में मुंबई इंडियंस की जोरदार वापसी, गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया, तिलक वर्मा का शतक और अश्विनी कुमार का कहर

गुजरात की तरफ से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए, लेकिन वह मुंबई को बड़ा स्कोर बनाने से नहीं रोक सके।

  • Written By:
  • Publish Date - April 20, 2026 / 11:31 PM IST

अहमदाबाद: IPL में लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को 99 रन से हरा दिया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।

अहमदाबाद में खेले गए मैच में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी (bowling) चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट हो गई।

मुंबई की पारी की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में टीम ने 3 विकेट गंवा दिए। ओपनर क्विंटन डी कॉक 13 रन, डेब्यू कर रहे दानिश मालेवर 2 रन और नमन धीर 45 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद नंबर-5 पर उतरे तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 101 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, जिससे मुंबई 199 रन तक पहुंच सकी।

गुजरात की तरफ से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए, लेकिन वह मुंबई को बड़ा स्कोर बनाने से नहीं रोक सके।

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन आउट हो गए। इसके बाद पावरप्ले में टीम ने 3 विकेट गंवा दिए, जिसमें जोस बटलर 5 रन और कप्तान शुभमन गिल 14 रन बनाकर आउट हुए।

गुजरात की पारी को सबसे बड़ा झटका दिया अश्विनी कुमार (Ashwini Kumar) ने, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने राहुल तेवतिया, शाहरुख खान और राशिद खान जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट कर गुजरात की उम्मीदें खत्म कर दीं।

आखिरकार गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर सिमट गई और मुंबई ने यह मुकाबला 99 रन से जीत लिया।