तेहरान , 28 फरवरी 2026: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजरायल और (Israel) संयुक्त राज्य अमेरिका ने शनिवार सुबह ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की। हमलों में राजधानी तेहरान समेत कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबर है।
हमले के बाद तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कई इलाकों में धुआं उठता देखा गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मिसाइल और हवाई हमलों के जरिए सैन्य ठिकानों को टारगेट किया गया। हालात को देखते हुए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को राजधानी से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
इजरायल की ओर से इसे एहतियाती कार्रवाई बताया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से उत्पन्न खतरे को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। वहीं अमेरिका ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समर्थन की पुष्टि की है।
हमले के बाद इजरायल में विशेष आपातकाल घोषित कर दिया गया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। क्षेत्र में हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है और कई जगहों पर एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
ईरान ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए उचित जवाब देगा। घटनाक्रम के बाद पूरे मध्य पूर्व में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस पर टिकी हैं।
