एपस्टीन फाइल्स का बड़ा खुलासा: ‘बेबी रैंच’ बनाकर सुपर रेस तैयार करने की योजना बना रहा था जेफरी एपस्टीन

रिपोर्ट के मुताबिक, एपस्टीन चाहता था कि कई महिलाएं एक ही समय में उसके डीएनए से गर्भवती हों, ताकि उसकी संतानों की संख्या तेजी से बढ़ाई जा सके।

  • Written By:
  • Publish Date - February 8, 2026 / 03:15 PM IST

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। कुख्यात अमेरिकी फाइनेंसर और दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein) को लेकर एक बार फिर सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं। एपस्टीन फाइल्स में दावा किया गया है कि वह इंसानों की एक तथाकथित ‘सुपर रेस’ तैयार करने की योजना बना रहा था। इसके लिए उसने न्यू मैक्सिको स्थित अपने विशाल रैंच को ‘बेबी रैंच’ के रूप में विकसित करने का खाका तैयार किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, एपस्टीन चाहता था कि कई महिलाएं एक ही समय में उसके डीएनए से गर्भवती हों, ताकि उसकी संतानों की संख्या तेजी से बढ़ाई जा सके। यह योजना उसके निजी दस्तावेजों और उससे जुड़े लोगों के बयानों में सामने आई है। हालांकि, अब तक इस बात के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं कि इस योजना को वास्तव में अमल में लाया गया था।

बताया गया है कि एपस्टीन की यह सोच ट्रांसह्यूमनिज्म और यूजीनिक्स जैसी विवादित अवधारणाओं से प्रेरित थी, जिनमें जेनेटिक इंजीनियरिंग और तकनीक के जरिए मानव क्षमताओं को बेहतर बनाने की बात कही जाती है। विशेषज्ञों और मानवाधिकार संगठनों ने इस सोच को खतरनाक और अनैतिक बताया है।

जेफरी एपस्टीन को 2019 में नाबालिगों की यौन तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। वह मुकदमे का सामना कर रहा था, लेकिन उसी साल जेल में उसकी मौत हो गई थी। एपस्टीन की मौत के बाद उसके नेटवर्क, विचारधाराओं और कथित योजनाओं को लेकर कई जांचें शुरू हुई थीं।

एपस्टीन फाइल्स में यह भी सामने आया है कि उसने कई वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनाए हुए थे। हालांकि ‘बेबी रैंच’ और ‘सुपर रेस’ जैसी योजनाओं को लेकर अब तक किसी भी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हो सकी है।

इन खुलासों के बाद अमेरिका में एक बार फिर एपस्टीन के प्रभाव, उसके संपर्कों और उसके विचारों को लेकर बहस तेज हो गई है। जांच एजेंसियां और मीडिया लगातार इससे जुड़े दस्तावेजों और बयानों की पड़ताल कर रही हैं।