JN.1 वेरिएंट: फिर लौट आया कोरोना का डर, सिंगापुर-हॉन्गकॉन्ग में हड़कंप, भारत में अलर्ट

By : hashtagu, Last Updated : May 20, 2025 | 11:42 am

कोरोना (Corona) एक बार फिर नए रूप में सामने आ गया है। इस बार वेरिएंट का नाम है JN.1, जो तेजी से सिंगापुर, हांगकांग और कुछ अन्य एशियाई देशों में फैल रहा है। भारत में भी इसको लेकर चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु में केस बढ़ने लगे हैं। मुंबई के केईएम अस्पताल में दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत के बाद हालात गंभीर हो गए हैं और सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग एक्टिव मोड में है।

क्या है JN.1 वेरिएंट?
यह नया वेरिएंट ओमिक्रोन की BA.2.86 लाइन से आया है और इसमें करीब 30 म्यूटेशन हैं, जिससे यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को चकमा देने में सक्षम हो जाता है। इसकी खोज अगस्त 2023 में हुई थी और अब यह सिंगापुर, चीन और थाईलैंड में तेजी से फैल रहा है। इसके सब-वेरिएंट्स LF.7 और NB.1.8 भी मामलों में बढ़ोतरी के पीछे कारण माने जा रहे हैं।

भारत में कितना खतरा?
फिलहाल विशेषज्ञों के अनुसार, JN.1 वेरिएंट के ज्यादा खतरनाक या बहुत तेजी से फैलने के सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि वायरस ऐसे लोगों को जल्दी संक्रमित कर सकता है।

हेल्थ एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और टेस्टिंग से लेकर निगरानी तक सभी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। फिलहाल घबराने की नहीं, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत है।