मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बनेगा 2,500 करोड़ रुपये का मिसाइल निर्माण प्लांट, अडानी डिफेंस की बड़ी शुरुआत से रक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई ताकत
By : hashtagu, Last Updated : July 5, 2026 | 11:00 pm
शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अडानी 9Adani) डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिसाइल (Missile) निर्माण संयंत्र (Manufacturing Plant) की आधारशिला रखी। यह रक्षा (Defence) क्षेत्र की बड़ी परियोजना मानी जा रही है, जिसके जरिए दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी मिसाइल इकोसिस्टम (Missile Ecosystem) विकसित करने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडानी समूह के करण अडानी और जीत अडानी मौजूद रहे।
यह अत्याधुनिक रक्षा निर्माण संयंत्र शिवपुरी को देश के प्रमुख रक्षा विनिर्माण केंद्रों में शामिल करेगा। परियोजना के तहत मिसाइल कॉम्प्लेक्स, कंपोजिट प्रोपेलेंट कॉम्प्लेक्स और टीएनटी कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ रक्षा उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देगी।
परियोजना से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रक्षा उद्योग का मजबूत नेटवर्क विकसित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह संयंत्र उत्तर प्रदेश रक्षा कॉरिडोर से भी जुड़कर पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देगा। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह निवेश मध्य प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा और राज्य में औद्योगिक विकास को तेज करेगा।
अधिकारियों के अनुसार संयंत्र को अगले तीन वर्षों में पूरी तरह तैयार कर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने के बाद भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।




