नई दिल्ली: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से नई दिल्ली में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य की प्रमुख जल परियोजनाओं (water projects) , विशेषकर बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बोधघाट परियोजना बस्तर क्षेत्र की सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और ऊर्जा उत्पादन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र दशकों से विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा है। वर्तमान सरकार की प्राथमिकता बस्तर को नक्सल हिंसा से मुक्त कर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना से बस्तर में लगभग 8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और 125 मेगावाट विद्युत उत्पादन संभव होगा, जिससे इस क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव में काफी कमी आई है और अब विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण बन चुका है। ऐसे में बोधघाट जैसी परियोजनाएं बस्तर को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना के रूप में घोषित करने और निर्माण संबंधी आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए बोधघाट परियोजना से संबंधित प्रस्तावों का शीघ्र तकनीकी परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना की सफलता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।