स्काउट जीवन की पद्धति है, जो चुनौतियों से जूझना सिखाती है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया

  • Written By:
  • Updated On - January 13, 2026 / 12:16 AM IST

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने कहा है कि स्काउट जीवन जीने की एक पद्धति है, जो व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में आत्मनिर्भर बनना, टीम भावना से कार्य करना और समाज के लिए समर्पित रहना सिखाती है। मुख्यमंत्री बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के भव्य और ऐतिहासिक समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों और स्काउट-गाइड्स का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए कहा कि यह जंबूरी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन और इसके लिए छत्तीसगढ़ का चयन राज्य के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही देश और राज्य का भविष्य हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन द्वारा सिखाए गए सेवा-भाव, नेतृत्व और टीमवर्क के मूल्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करते हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल के दौरान स्काउट-गाइड्स द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना की और प्रधानमंत्री के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को शपथ भी दिलाई।

09 से 13 जनवरी तक चले इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी में देश-विदेश से 15 हजार से अधिक रोवर-रेंजरों ने भाग लिया। समापन समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय कला, संस्कृति और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के कारण यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।

स्कूल शिक्षा मंत्री और राज्य स्काउट-गाइड अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में यह राष्ट्रीय जंबूरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि जंबूरी के दौरान युवा संसद, कौशल प्रदर्शन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आदिवासी एथनिक फैशन शो जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गजेंद्र यादव को राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त के. के. खंडेलवाल द्वारा सिल्वर एलीफेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

भारतीय स्काउट-गाइड के राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त के. के. खंडेलवाल ने कहा कि स्काउटिंग का मूल मंत्र सेवा और समर्पण है, जो एक मजबूत और विकसित भारत की नींव रखता है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।