रायपुर: रायपुर में एलपीजी (LPG) की दिक्कत से जूझ रहे छात्रों को अब राहत मिलने जा रही है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर प्रशासन ने फैसला लिया है कि जिले में रहने वाले विद्यार्थियों को आधार कार्ड (Aadhar Card) और निवास प्रमाण पत्र (Residence Certificate) दिखाने पर 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टरेट परिसर के रेडक्रॉस हॉल में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में गैस वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और उपभोक्ताओं को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। अपर कलेक्टर राठौर ने साफ कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नियमों के अनुसार वितरण किया जा रहा है। उन्होंने वितरकों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति नियमों के खिलाफ सिलेंडर लेने की कोशिश करता है, वितरण में बाधा डालता है या डिलीवरी कर्मियों से दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही एम्स, मेकाहारा, वृद्धाश्रम, अनाथालय और अन्य संस्थानों में गैस आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही अगली गैस बुकिंग की जा सकेगी। फिलहाल नए गैस कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर रोक जारी रहेगी।
इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने उपभोक्ताओं से अपील की कि घबराएं नहीं, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी को नियमानुसार गैस सिलेंडर दिया जाएगा। बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और गैस वितरक मौजूद रहे।