वरुण धवन का चौंकाने वाला खुलासा, अंडरवर्ल्ड की धमकी के बाद परिवार को छोड़ना पड़ा घर

वरुण ने बताया कि यह घटना उस समय की है जब फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड का दबदबा था और कई सितारों को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ता था।

  • Written By:
  • Publish Date - March 29, 2026 / 10:54 PM IST

मुंबई:  बॉलीवुड (Bollywood) अभिनेता वरुण धवन (Varun Dhawan) ने अंडरवर्ल्ड (underworld) से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार को धमकी (threat) भरे फोन कॉल्स मिले थे, जिसके बाद हालात इतने गंभीर हो गए कि उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा।

वरुण ने बताया कि यह घटना उस समय की है जब फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड का दबदबा था और कई सितारों को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ता था। उनके घर पर भी लगातार कॉल आ रहे थे, लेकिन शुरुआत में स्टाफ ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कॉल करने वालों से बहस करने लगे।

इसी दौरान स्टाफ ने अनजाने में कॉल करने वालों को घर का पता बता दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बाद में एक शख्स ने उनके पिता और निर्देशक डेविड धवन को फोन कर चेतावनी दी कि मामला अब खतरनाक हो चुका है।

कॉल करने वाला व्यक्ति उनके घर का पता और ऑफिस की जानकारी जानता था और हथियार लेकर आने की धमकी दे रहा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत फैसला लेते हुए घर छोड़ दिया और एक सुरक्षित जगह पर शिफ्ट हो गया, जहां उन्होंने एक दिन तक शरण ली।

वरुण धवन के इस खुलासे ने एक बार फिर उस दौर की याद दिला दी है जब बॉलीवुड में डर का माहौल था और कलाकारों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनी हुई थी।