सुबह की चाय-कॉफी बन सकती है आयरन की दुश्मन, जानिए कब पीना है सबसे सही समय

By : hashtagu, Last Updated : July 18, 2026 | 7:38 pm

नई दिल्ली: अगर आपकी सुबह की शुरुआत चाय या कॉफी (Tea/Coffee) से होती है, तो यह आदत आपके शरीर में आयरन (Iron) के स्तर को प्रभावित कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, चाय और कॉफी में मौजूद पॉलीफेनॉल (Polyphenols) और टैनिन (Tannins) जैसे प्राकृतिक तत्व शरीर में नॉन-हीम आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं। यह वही आयरन है जो दाल, बीन्स, पालक, मेवे और फोर्टिफाइड अनाज जैसे खाद्य पदार्थों से मिलता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इसका मतलब यह नहीं है कि चाय या कॉफी पीना पूरी तरह छोड़ देना चाहिए। लेकिन इन्हें भोजन के साथ या तुरंत बाद पीने से बचना चाहिए। खासकर जिन लोगों में आयरन की कमी है या जो एनीमिया के खतरे में हैं, उनके लिए यह सावधानी बेहद जरूरी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनिया भर में प्रजनन आयु की लगभग हर तीन में से एक महिला एनीमिया से प्रभावित है और इसकी सबसे बड़ी वजह आयरन की कमी है। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, किशोरों, शाकाहारियों और लंबे समय तक बीमारी से उबर रहे लोगों को अपने आयरन स्तर पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

डॉक्टरों के अनुसार, आयरन की कमी के शुरुआती लक्षणों में लगातार थकान, कमजोरी, पीली त्वचा, सांस फूलना, सिरदर्द, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी, नाखून कमजोर होना और बाल झड़ना शामिल हैं। यदि समय पर इलाज नहीं कराया जाए तो आयरन की कमी से एनीमिया हो सकता है, जिससे शारीरिक क्षमता, सीखने की क्षमता, गर्भावस्था और हृदय स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चाय या कॉफी भोजन के कम से कम 1 से 2 घंटे पहले या बाद में पीनी चाहिए। साथ ही आयरन युक्त भोजन के साथ नींबू, आंवला या संतरा जैसे विटामिन-सी वाले खाद्य पदार्थ शामिल करने से आयरन का अवशोषण बेहतर होता है।