‘मोर बिजली’ ऐप से उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा, अब मोबाइल पर हर दिन दिखेगी बिजली खपत और अनुमानित बिल

By : hashtagu, Last Updated : July 18, 2026 | 7:35 pm

रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को डिजिटल सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ‘मोर बिजली (Mor Bijli)’ ऐप के माध्यम से अब उपभोक्ता अपने मोबाइल पर हर दिन बिजली की खपत (Consumption), महीने का अनुमानित बिल (Estimated Bill) और पिछले महीनों की तुलना की जानकारी आसानी से देख सकेंगे।

सीएमओ के अनुसार यह सुविधा स्मार्ट मीटर परियोजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही है। इससे बिजली बिलिंग व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी होगी और उपभोक्ताओं को अपनी दैनिक बिजली खपत पर नजर रखने में आसानी मिलेगी।

सरकार का कहना है कि इस पहल से उपभोक्ता समय रहते अनावश्यक बिजली उपयोग को कम कर सकेंगे, जिससे बिजली की बचत होगी और अतिरिक्त खर्च पर भी नियंत्रण रखा जा सकेगा। साथ ही स्मार्ट मीटर परियोजना से बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे उपभोक्ताओं के लिए आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बिजली सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।