उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर, भूस्खलन से केदारनाथ और कैलाश मानसरोवर यात्रा प्रभावित
By : hashtagu, Last Updated : July 19, 2026 | 12:38 pm
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश (Heavy Rain) और भूस्खलन (Landslide) के कारण केदारनाथ यात्रा और कैलाश मानसरोवर यात्रा (Kailash Mansarovar Yatra) प्रभावित हो गई है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने कई स्थानों पर एहतियाती कदम उठाए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट (Red Alert) और ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है।
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण घोड़ा-खच्चर और डोली सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पिथौरागढ़ जिले में गारबाधार के पास भूस्खलन होने से गुंजी मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल के 50 श्रद्धालुओं को धारचूला बेस कैंप में रोक दिया गया है। मार्ग साफ होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। 20 जुलाई के लिए देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने, बचाव दलों को तैयार रखने और 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता यात्रा न करें, यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लें तथा नदियों और जलधाराओं से दूर रहें।




