Home » Madhyapradesh » Tiger Attack Bandhavgarh Madhya Pradesh Woman Killed Four Injured
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास बाघ का हमला, महिला की मौत; 4 घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने वनकर्मियों को घेरा
जानकारी के मुताबिक यह घटना उमरिया जिले के पनपथा गांव के खेरवा टोला इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक बाघ रिहायशी इलाके में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया।
उमरिया: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (Bandhavgarh Tiger Reserve) के पास रविवार तड़के बाघ (Tiger) के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग (Forest Department) के कर्मचारियों को घेर लिया। पुलिस और वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक यह घटना उमरिया जिले के पनपथा गांव के खेरवा टोला इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक बाघ रिहायशी इलाके में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय फूल बाई पाल की मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में लगातार बाघों की आवाजाही हो रही है, लेकिन वन विभाग समय पर कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने दावा किया कि कई बार सूचना देने के बावजूद अधिकारी मौके पर देर से पहुंचे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ कथित मारपीट की। एक महिला वनकर्मी के साथ भी धक्का मुक्की की गई और कुछ समय तक उन्हें गांव से बाहर नहीं जाने दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल तैनात किया गया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि घटना रिजर्व के बफर एरिया में हुई है। उन्होंने कहा कि बाघ को पकड़ने और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि ग्रामीणों के विरोध के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में दिक्कत आई।
घटना के बाद कांग्रेस नेता और जनपद पंचायत सदस्य रोशनी सिंह धुर्वे भी गांव पहुंचीं और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। बाद में वन विभाग के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।