नासिक, महाराष्ट्र: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services – TCS) के नासिक ऑफिस से जुड़े मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपनी शादी (Marriage) छिपाकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन (Religious Conversion) का दबाव डाला।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात आरोपी से करीब चार साल पहले हुई थी और दोनों एक ही कॉलेज से पढ़े थे। आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर नजदीकियां बढ़ाईं। शिकायत में कहा गया है कि जुलाई 2022 में आरोपी ने जबरन संबंध बनाने की कोशिश की और शादी का वादा किया। इसके बाद अगस्त 2024 में भी उसने पीड़िता की इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने बताया कि फरवरी 2026 में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। यह जानकारी उसे आरोपी की पत्नी से मिली। जब पीड़िता ने आरोपी से इस बारे में सवाल किया, तो उसने साफ कहा कि वह उससे शादी नहीं करना चाहता था।
एफआईआर के मुताबिक आरोपी और उसके दो साथियों ने कंपनी परिसर में कई बार पीड़िता के साथ बैठकर हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उसे इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया। पीड़िता ने मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिनमें धोखे से संबंध बनाना, यौन उत्पीड़न और धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़े आरोप शामिल हैं। अब तक इस मामले में कई एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है।
कंपनी की ओर से कहा गया है कि पहले इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई थी, लेकिन अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।