पुणे, महाराष्ट्र: NEET (UG) पेपर लीक (Paper Leak) मामले में जांच एजेंसी CBI ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे के केमिस्ट्री प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी (PV Kulkarni) को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में आठवीं गिरफ्तारी है। CBI का दावा है कि कुलकर्णी इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क के मास्टरमाइंड (Mastermind) हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी पीवी कुलकर्णी को NEET परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्र तैयार करने वाली पैनल तक सीधी पहुंच थी। वह लंबे समय तक इस पैनल का हिस्सा भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें परीक्षा पैटर्न और सवालों की जानकारी पहले से मिल जाती थी।
आरोप है कि कुलकर्णी पुणे में अपने घर पर कोचिंग क्लास भी चलाते थे, जहां वे छात्रों को परीक्षा में आने वाले संभावित सवाल और उनके जवाब पहले ही बता देते थे। CBI के मुताबिक, 3 मई को हुई परीक्षा से पहले अप्रैल के आखिरी सप्ताह में आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कई छात्रों तक लीक पेपर और उत्तर पहुंचाए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुलकर्णी डोमेन एक्सपर्ट (Domain Expert) के रूप में NEET पेपर तैयार करने वाली समिति से जुड़े रहे हैं, जिससे उनकी भूमिका और भी गंभीर मानी जा रही है।
इस बीच, पेपर लीक मामले ने देशभर में हड़कंप मचा दिया है। कई राज्यों में छात्रों के आत्महत्या के मामले भी सामने आए हैं। दिल्ली की 20 वर्षीय छात्रा, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय युवक और गोवा के 17 वर्षीय छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
CBI अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।