पेट्रोल-डीजल, कमर्शियल एलपीजी और विमान ईंधन हुआ सस्ता, भारत में आज से मिली बड़ी राहत

वहीं निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 1, 2026 / 01:55 PM IST

नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान (US-Iran) के बीच तनाव कम होने और वैश्विक कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में नरमी आने के बाद भारत में 1 जुलाई से पेट्रोल (Petrol), डीजल (Diesel), कमर्शियल एलपीजी (Commercial LPG) और विमान ईंधन (Aviation Turbine Fuel-ATF) की कीमतों में बड़ी राहत दी गई है। इससे परिवहन, विमानन और होटल-रेस्तरां समेत कई क्षेत्रों की लागत कम होने की उम्मीद है।

सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कटौती की है। इसके साथ ही विमान ईंधन (एटीएफ) के दाम भी घटाए गए हैं, जिससे एयरलाइंस की परिचालन लागत कम होगी। वहीं निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है।

सरकार ने 12 जून को संभावित ईंधन संकट को देखते हुए पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर जो अस्थायी पाबंदियां लगाई थीं, उन्हें भी 1 जुलाई से हटा दिया गया है। ये प्रतिबंध पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के चलते लगाए गए थे।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव घटा है, जिसका फायदा भारतीय बाजार को मिला है। हालांकि वैश्विक स्तर पर हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बाजार की नजर बनी हुई है।