यमन में दिल पर गोली मारकर दी जाती है सजा-ए-मौत: भारतीय नर्स निमिषा प्रिया के पास 1 दिन की जिंदगी

अब, निमिषा की जिंदगी के पास सिर्फ एक दिन का समय बचा है और यह सवाल उठ रहा है कि क्या ब्लड मनी (खून की कीमत) से उनकी जान बचाई जा सकती है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 15, 2025 / 12:00 PM IST

सना: भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को कल यानी बुधवार को यमन (Yemen) में मौत की सजा दी जाएगी। निमिषा 2017 से जेल में बंद हैं और उन पर यमन के नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या का आरोप है। आरोप है कि निमिषा ने महदी को ड्रग्स का ओवरडोज देकर उसकी हत्या की, लेकिन निमिषा का कहना है कि महदी ने उनका पासपोर्ट छीन लिया था और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया था।

निमिषा और महदी यमन में एक प्राइवेट क्लिनिक में पार्टनर थे। अब, निमिषा की जिंदगी के पास सिर्फ एक दिन का समय बचा है और यह सवाल उठ रहा है कि क्या ब्लड मनी (खून की कीमत) से उनकी जान बचाई जा सकती है।

यमन में सजा-ए-मौत का तरीका
यमन में मौत की सजा दिल पर गोली मारकर दी जाती है। हालांकि, यहां पत्थर मारने, फांसी देने और सिर कलम करने का भी प्रावधान है, लेकिन इनका प्रायः इस्तेमाल नहीं किया जाता।

सजा देने के पहले दोषी को किसी गलीचे या कंबल पर चेहरे के बल लेटा दिया जाता है। इसके बाद, एक डॉक्टर दोषी की पीठ पर दिल के स्थान पर एक निशान लगाता है, और फिर जल्लाद अपनी ऑटोमैटिक राइफल से उस निशान पर गोली मारता है। कुछ मामलों में, मृत्युदंड से पहले कोड़े मारने की सजा भी दी जाती है।

यमन में अन्य अपराधों के लिए मौत की सजा
यमन में इस्लाम धर्म छोड़ने पर भी मृत्युदंड का प्रावधान है। यमन के पीनल कोड के तहत, मृत्युदंड के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां हैं:

  1. किसास: ‘आंख के बदले आंख’ का नियम। हत्या के मामलों में, पीड़ित के परिवार को ब्लड मनी लेकर माफी लेने का अधिकार होता है।

  2. हुदूद अपराध: इसमें व्यभिचार, समलैंगिकता, धर्मत्याग और डकैती जैसे अपराध आते हैं। इन अपराधों के लिए शरिया कानून के तहत मृत्युदंड दिया जा सकता है।

  3. ताजीर: इसमें आतंकवाद, जासूसी, और देशद्रोह जैसे गंभीर अपराध शामिल होते हैं, जिनके लिए भी मृत्युदंड दिया जा सकता है।

निमिषा की सजा को लेकर कई डिप्लोमैटिक प्रयास किए गए हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। आनेवाले कल में ही यह तय होगा कि क्या उनकी जिंदगी बचाई जा सकेगी या फिर यमन की न्याय व्यवस्था उन्हें मौत की सजा देगी।