छत्तीसगढ़ में स्टेट कैपिटल रीजन सेटअप को मिली कैबिनेट मंजूरी, 210 पदों पर नियुक्तियां, मुख्यमंत्री अध्यक्ष बनेंगे

By : ira saxena, Last Updated : January 4, 2026 | 12:38 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) (State Capital Region) के 210 पदों के सेटअप को राज्य मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी है। 31 दिसंबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद राजधानी क्षेत्र के सुनियोजित और समग्र विकास की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

मंजूरी मिलने के बाद अब एससीआर बोर्ड के गठन का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तावित बोर्ड में मुख्यमंत्री अध्यक्ष होंगे और सरकार के चार मंत्री सदस्य के रूप में शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा शहरी प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD), पर्यावरण विभाग से जुड़े मंत्री, वरिष्ठ सचिव और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी बोर्ड में जगह दी जा सकती है।

बोर्ड का मुख्य उद्देश्य राजधानी क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को गति देना होगा। जानकारी के अनुसार, वित्त विभाग ने करीब डेढ़ महीने पहले ही इस सेटअप को स्वीकृति दी थी। इसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक कुल 210 पदों को मंजूरी दी गई थी, जिसे बाद में कैबिनेट की बैठक में अंतिम मंजूरी मिली।

अब सेटअप को मंजूरी मिलने के बाद एससीआर का कामकाज तेज होने की उम्मीद है। बोर्ड राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों के शहरी विस्तार, अधोसंरचना विकास, पर्यावरण संरक्षण और यातायात व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाला यह बोर्ड राजधानी क्षेत्र को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देने में अहम भूमिका निभाएगा।