प्रियंका चोपड़ा के बर्थडे पर ‘वाराणसी’ से पहला लुक जारी, एसएस राजामौली ने दिखाया ‘मंदाकिनी’ का दमदार अवतार

By : hashtagu, Last Updated : July 18, 2026 | 7:27 pm

नई दिल्ली: अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) के जन्मदिन के मौके पर निर्देशक एसएस राजामौली (S.S. Rajamouli) ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी (Varanasi)’ से उनका पहला लुक (First Look) जारी कर दिया। फिल्म में प्रियंका ‘मंदाकिनी (Mandakini)’ का किरदार निभा रही हैं। पोस्टर में उनका अंदाज बेहद दमदार और रहस्यमयी नजर आ रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।

राजामौली ने प्रियंका के जन्मदिन पर दो नए पोस्टर साझा किए, जिनमें अभिनेत्री का किरदार ताकत, आत्मविश्वास और एक्शन से भरपूर दिखाई देता है। पोस्टर सामने आते ही फैंस ने उन्हें “एक्शन क्वीन” और “फायर लुक” जैसे कमेंट्स के साथ सराहा।

फिल्म ‘वाराणसी’ प्रियंका चोपड़ा की करीब छह साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी भी है। इस मेगा बजट फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली कर रहे हैं और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘वाराणसी’ एक ग्लोबल एक्शन-एडवेंचर फिल्म है, जिसकी कहानी कई देशों और अलग-अलग समयकाल में फैली हुई है। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा का किरदार ‘मंदाकिनी’ कहानी का एक अहम हिस्सा होगा। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।