इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती बम धमाका, शिया इमाम बारगाह को बनाया निशाना

डॉन (Dawn) अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर इमाम बारगाह के अंदर घुसा और गेट के पास खुद को बम से उड़ा लिया। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद के अंदर अफरा-तफरी मच गई।

  • Written By:
  • Publish Date - February 6, 2026 / 04:00 PM IST

इस्लामाबाद, पाकिस्तान। पाकिस्तान (Pakistan) की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान एक बड़ा आत्मघाती बम धमाका हुआ है। यह हमला शहजाद टाउन इलाके में स्थित टेरलाई इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में हुआ, जहां नमाज के वक्त एक आत्मघाती हमलावर (Suicide Attacker) ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। इस हमले में अब तक पांच लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि मीडिया रिपोर्ट्स में 20 से ज्यादा लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

डॉन (Dawn) अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर इमाम बारगाह के अंदर घुसा और गेट के पास खुद को बम से उड़ा लिया। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद के अंदर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद का मंजर बेहद भयावह बताया जा रहा है, जहां शिया समुदाय के कई लोग घायल हालत में और खून से लथपथ जमीन पर पड़े नजर आए।

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस (Police) और बचाव दल (Rescue Team) मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुरुआती जांच में इस हमले के जरिए शिया समुदाय को निशाना बनाए जाने की बात सामने आ रही है।

इस विस्फोट के बाद इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में आपातकाल (Emergency) घोषित कर दिया गया है। पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी पिम्स (PIMS) और सीडीए अस्पताल में सभी चिकित्सा सुविधाओं को अलर्ट पर रखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पिम्स अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि कार्यकारी निदेशक (ED) के निर्देश पर इमरजेंसी लागू की गई है। मुख्य आपातकालीन वार्ड, आर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग को सक्रिय कर दिया गया है। घायलों को पिम्स और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

घटना के बाद से राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।